आवागमन

Straße in einer Stadt mit Straßenbahnen und Bus © Goethe-Institut/ Gina Bolle

जर्मनी में लोग अक्सर पैदल चलते हैं या साइकिल चलाते हैं। यह स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है और पर्यावरण के लिए भी अच्छा है। यहां बहुत सारे पैदल पथ और साइकिल पथ हैं। गांवों और छोटे शहरों में आप ज्यादातर जगहों तक पैदल ही पहुंच सकते हैं। जर्मनी में कई लोग सुपरमार्केट, काम पर या दोस्तों के पास साइकिल से जाते हैं।

Audio-Player: Artikel anhören

Artikel anhören

Mobilität

पैदल और साइकिल से

जहां साइकिल चलाने के लिए रास्ता नहीं है, वहां वयस्कों को सड़क पर साइकिल चलानी पड़ती है। 8 साल तक के बच्चों को शहर या गांव में फुटपाथ पर साइकिल चलानी चाहिए। 10 साल तक के बच्चे फुटपाथ पर साइकिल चला सकते हैं। सड़क यातायात में नियम होते हैं: जैसे कि क्या आप लाल बत्ती पर सड़क पार करते हैं? क्या आपकी साइकिल की लाइट खराब है? अगर पुलिस यह देखती है, तो आपको जुर्माना, यानी एक आर्थिक दंड, देना पड़ता है।

सार्वजनिक परिवहन से

शहरों में सार्वजनिक परिवहन के साधन जैसे एस-बान, यू-बान, स्ट्रासेनबान (दक्षिण जर्मनी में इसे ट्राम कहते हैं) और बस उपलब्ध हैं। लगभग हर शहर में सार्वजनिक परिवहन के लिए एक ऐप होती है। आप ऐप में आसानी से ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं। लेकिन स्टेशनों और बस स्टॉप पर टिकट मशीन भी उपलब्ध होती हैं। स्टेशनों पर टिकट खरीदने के लिए बिक्री काउंटर भी होते हैं। कभी-कभी आप बस या ट्राम में भी टिकट खरीद सकते हैं।

कई शहरों में आपको टिकट को रद्द कराना/अवमूल्यन कराना करना पड़ता है। इसके लिए विशेष मशीनें होती हैं। आमतौर पर, आप टिकट को एक स्लॉट में डालते हैं और मशीन टिकट पर एक मुहर लगाती है। कुछ शहरों में टिकट तुरंत ही वैध हो जाता है। उस पर एक समय लिखा होता है। ऐसे टिकटों को वैध करने की आवश्यकता नहीं होती।

आप दैनिक, साप्ताहिक, मासिक या वार्षिक टिकट खरीद सकते हैं। यदि आप सार्वजनिक परिवहन का अक्सर उपयोग करते हैं, तो यह लाभदायक होता है। बच्चों, छात्रों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को अक्सर छूट मिलती है। वे कम भुगतान करते हैं। विकलांग व्यक्तियों के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग अधिकांशतः निःशुल्क होता है।

बस स्टॉप और स्टेशनों पर आपको समय सारणी मिलती है। समय सारणी में लिखा होता है कि बसें और ट्रेनें कब और कहां जाएंगी। आप इसे परिवहन सेवाओं की वेबसाइट पर भी देख सकते हैं या ऐप में जांच सकते हैं।

अधिकतर स्टेशनों के प्रवेश द्वार पर कोई बैरिकेड्स/बैरियर नहीं होते। आप सीधे अंदर जा सकते हैं। लेकिन आपको फिर भी टिकट रखना जरूरी है। बसों और ट्रेनों में टिकट जांच की जाती है। जांच के दौरान यदि आपके पास टिकट नहीं होता, तो आपको जुर्माना देना पड़ता है।

कई बड़े शहरों में ई-स्कूटर या ई-बाइक उपलब्ध होते हैं, जिन्हें आप किराए पर ले सकते हैं। इसके लिए एक ऐप की आवश्यकता होती है। आप ऐप के माध्यम से प्रति यात्रा भुगतान कर सकते हैं। ऐप में आप देख सकते हैं कि क्या आपके आस-पास कोई ई-स्कूटर या ई-बाइक है और फिर तुरंत यात्रा शुरू कर सकते हैं। अपनी मंजिल पर पहुंचने के बाद आप ई-स्कूटर या ई-बाइक को वहीं छोड़ सकते हैं। यह तब खासतौर पर उपयोगी होता है जब पास में सार्वजनिक परिवहन का कोई स्टॉप न हो।

जर्मनी-टिकट

क्या आप सार्वजनिक परिवहन का अकसर उपयोग करते हैं या जर्मनी के भीतर अक्सर यात्रा करते हैं? तो जर्मनी-टिकट आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। 2024 की स्थिति के अनुसार, केवल 49 यूरो प्रति महीने में आप सभी बसों, ट्राम, यू-बान, एस-बान और क्षेत्रीय ट्रेनों का उपयोग कर सकते हैं।
हालांकि, यह टिकट लंबी दूरी की बसों, IC-/EC- या ICE ट्रेनों के लिए मान्य नहीं है। इन सेवाओं के लिए आपको अलग से टिकट लेना होगा। जर्मनी-टिकट केवल एक सदस्यता के रूप में उपलब्ध है। इसका मतलब है कि आप एक महीने के लिए टिकट खरीदते हैं, और अगला टिकट अपने-आप अगले महीने मिल जाता है। इसके लिए आपको हर महीने 49 यूरो का भुगतान करना होगा। यदि आप इस टिकट को बंद करना चाहते हैं, तो आपको इसे रद्द करना होगा। यह रद्दीकरण केवल महीने की 10 तारीख तक ही किया जा सकता है।

गाड़ी/कार से यात्रा

गांवों में अधिकांश लोग अपनी गाड़ी से यात्रा करते हैं। वहां अक्सर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं होता या बहुत कम होता है। शहरों में भी कुछ लोग गाड़ी का उपयोग करते हैं। शहरों में पार्किंग स्थल और पार्किंग हाउस होते हैं। सड़कों के किनारे संकेतक आपको पार्किंग की सुविधा के बारे में जानकारी देते हैं। इन पार्किंग स्थलों के लिए आपको अक्सर भुगतान करना पड़ता है। शहरों में पार्किंग ढूंढना आसान नहीं होता।

कई शहरों में कार-शेयरिंग की सुविधा उपलब्ध है। उदाहरण के लिए, जब आप परिवार के साथ किसी यात्रा पर जाना चाहते हैं तो आप एक ऐप के जरिए गाड़ी किराए पर ले सकते हैं। भुगतान प्रति किलोमीटर या उपयोग किए गए समय के आधार पर किया जाता है। अपनी खुद की गाड़ी रखने से कार-शेयरिंग सस्ता होता है।

अगर आप गाड़ी चला रहे हैं, तो आपको जर्मनी के यातायात नियमों की जानकारी होनी चाहिए I उदाहरण के लिए, आपको यातायात संकेतों का अर्थ पता होना चाहिए और यह भी कि आप कितनी गति से गाड़ी चला सकते हैं। आपको अपना ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा अपने पास रखना होगा। अपनी गाड़ी के लिए आपको वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र की भी आवश्यकता होगी। पुलिस जांच के दौरान वे इन दस्तावेजों की मांग कर सकते हैं। आपको जर्मनी या यूरोपीय संघ के किसी देश में लिए गए ड्राइविंग लाइसेंस की ज़रूरत होती है I

यदि आपका देश यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा नहीं है, तो आपको जर्मनी में आने के शुरूआती छह महीनों के भीतर अपना ड्राइविंग लाइसेंस संशोधित करवाना होगा। जितना जल्दी हो सके, इस प्रक्रिया को पूरा करें। आप अपने पुराने लाइसेंस के साथ केवल छह महीने तक गाड़ी चला सकते हैं। इसके लिए अपने स्थान की ड्राइविंग लाइसेंस कार्यालय से संपर्क करें। क्या आपने छह महीने के भीतर अपने लाइसेंस को संशोधित नहीं करवाया और गाड़ी चलाना चाहते हैं? तो आपको जर्मनी में एक नया ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना होगा।

यात्रा करना

क्या आप अन्य जर्मन शहरों या विदेश यात्रा करना चाहते हैं? तो आपके पास ट्रेन, हवाई जहाज और बस से यात्रा करने के विकल्प उपलब्ध हैं।

कई लोग जर्मनी के अन्दर ट्रेन से यात्रा करते हैं। अधिकांश मार्गों पर जर्मन रेल(DB) चलती है। कुछ क्षेत्रों में अन्य सेवाएँ भी उपलब्ध हैं। बच्चों वाले परिवार जर्मन रेल से सस्ते में यात्रा कर सकते हैं। अगर बच्चे अपने माता-पिता या किसी माता-पिता में से किसी एक के साथ यात्रा करते हैं, तो 14 साल की उम्र तक वे मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। अगर आप देर से टिकट बुक करते हैं, तो ट्रेन के टिकट अक्सर महंगे होते हैं। बचत ऑफ़र का लाभ उठाएं। अगर आप पहले से टिकट बुक करते हैं, तो आपको सस्ते टिकट मिल सकते हैं। जर्मनी-टिकट जर्मन रेल के क्षेत्रीय ट्रेनों के लिए मान्य है। क्षेत्रीय ट्रेनों से यात्रा करने में हमेशा ICE ट्रेनों की तुलना में थोड़ा अधिक समय लगता है।

अधिकांश शहरों में लंबी दूरी की बसों के लिए स्टॉप/विराम स्थल मुख्य रेलवे स्टेशन के पास होते हैं। ये बसें जर्मनी और यूरोप के कई विभिन्न शहरों तक जाती हैं। यदि आप पहले से टिकट बुक करते हैं, तो वे विशेष रूप से सस्ते हो सकते हैं। लंबी दूरी की बसें आरामदायक होती हैं और अक्सर इनमें वाई-फाई की सुविधा भी होती है।

जर्मनी में कई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। उत्तरी सागर और बाल्टिक सागर के द्वीपों तक बड़े जहाज भी जाते हैं।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

हमें फॉलो करें