प्रशिक्षण

Werkbank mit Holz, wo zwei Personen ein Holz vermessen © Goethe-Institut

प्रशिक्षण में एक पेशा सीखा जाता है। प्रशिक्षण कई प्रकार के होते हैं, जैसे कि बेकरी का काम, इलेक्ट्रो-टेक्निशियन, नर्स, माली, या शिक्षक।

वीज़ा, समापन परीक्षा और प्रमाण पत्र

क्या आप जर्मनी में कोई प्रशिक्षण करना चाहते हैं? क्या आप यूरोपीय संघ (EU) या यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र (EWR) से बाहर के हैं? तो आपको वीज़ा की आवश्यकता होगी। वीज़ा आपको अपने देश में स्थित जर्मन दूतावास (या जर्मन वाणिज्य दूतावास) से मिलेगा।

क्या आपने अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है? कई कंपनियां तकनीकी विशेषज्ञों की तलाश में रहती हैं। आप आवेदन कर सकते हैं। नौकरी के लिए अक्सर किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता होती है। प्रमाणपत्र एक प्रकार का आधिकारिक दस्तावेज़ होता है जिसमें आपकी शिक्षा या पेशे से जुड़ी जानकारी होती है। क्या आपके पास अपने देश में प्राप्त किये हुए प्रमाणपत्र हैं? उनका अनुवाद कराएं और सत्यापित कराएं। कई बार आपको प्रमाणपत्र को मान्यता दिलानी पड़ती है। ऐसा करने से आपको नौकरी पाना आसान हो जाता है। इस बारे में और जानकारी आप “नौकरी की तलाश” पाठ में पढ़ सकते हैं।

प्रशिक्षण की खोज

प्रशिक्षण आप कई कंपनियों और लगभग हर क्षेत्र में प्राप्त कर सकते हैं। इस के लिए कम से कम माध्यमिक विद्यालय (Hauptschule) की परीक्षा उत्तीर्ण कर लेना आवश्यक है। लेकिन कभी-कभी आपको उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की परीक्षा या अबीटूर (Abitur) की आवश्यकता भी होती है (देखें: पाठ: शिक्षा प्रणाली)। किसी स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण किए बिना प्रशिक्षण में प्रवेश मिलना बहुत कठिन होता है। प्रशिक्षण में प्रवेश के बारे में जानकारी खोजने का तरीका वैसा ही है जैसा नौकरी खोजने का। इसके लिए भी आपको आवेदन पत्र लिखना होता है। आवेदन और नौकरी खोजने से संबंधित अधिक जानकारी और सुझाव आप पाठ: नौकरी की तलाश में पढ़ सकते हैं।

हर शहर में एक व्यावसायिक सूचना केंद्र (BIZ) होता है। यहां के कर्मचारी आपको सलाह देते हैं और प्रशिक्षण के लिए स्थान की खोज में आपकी मदद करते हैं। आप अपने शहर में स्थित रोजगार एजेंसी के माध्यम से BIZ का पता लगा सकते हैं।

प्रशिक्षण की प्रक्रिया

व्यावसायिक शिक्षा दो प्रकार की होती है: स्कूली प्रशिक्षण और संयुक्त प्रशिक्षण(व्यावसायिक और अकादमिक)। स्कूली पेशेवर शिक्षा केवल व्यावसायिक विद्यालय में होती है। इसके लिए यह आवश्यक है कि आपने स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली हो I कभी-कभी अन्य अनुभवों की भी आवश्यकता होती है, जैसे कि एक इंटर्नशिप।

संयुक्त प्रशिक्षण(व्यावसायिक और अकादमिक) को व्यावसायिक पेशेवर प्रशिक्षण भी कहा जाता है। जर्मनी में आमतौर पर संयुक्त प्रशिक्षण (व्यावसायिक और अकादमिक) होता है। इसमें एक व्यावहारिक भाग और एक सैद्धांतिक भाग होता है। व्यावहारिक प्रशिक्षण सीधे एक कंपनी में किया जाता है I सैद्धांतिक शिक्षा के लिए आप व्यावसायिक स्कूल में जाते हैं। यहां आप पेशे से संबंधित सिद्धांत सीखते हैं और साथ ही कुछ सामान्य विषय भी पढ़ते हैं, जैसे जर्मन, राजनीति या खेल।

कंपनी में आप व्यावहारिक प्रशिक्षण करते हैं। आप सप्ताह में 3 से 4 दिन कंपनी में काम करते हैं और 8 से 12 घंटे प्रति सप्ताह व्यावसायिक स्कूल में होते हैं। या फिर आप कुछ सप्ताह कंपनी में और कुछ सप्ताह व्यावसायिक स्कूल में बिताते हैं।

शिक्षा के पहले भाग के बाद आपको एक मध्यावधि परीक्षा देनी होती है। इसमें प्रशिक्षु यह दिखाते हैं कि उन्होंने अब तक क्या सीखा है। प्रशिक्षण के अंत में एक समापन परीक्षा होती है। इसके बाद प्रशिक्षुओं को एक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र मिलता है। यह प्रमाण पत्र नौकरी खोजने के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। अधिक जानकारी के लिए आप पाठ नौकरी की तलाश पढ़ सकते हैं।

प्रशिक्षण की अवधि

एक व्यावसायिक प्रशिक्षण की अवधि आमतौर पर 2 से 3.5 साल तक होती है। यह पेशे और स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण करने के स्तर पर निर्भर करता है। यदि आपने आबीटूर किया है, तो प्रशिक्षण का समय अक्सर छोटा होता है। प्रशिक्षण के दौरान, हर साल आपको कम से कम 24 दिन या 4 सप्ताह की छुट्टी मिलती है। लेकिन यह केवल तभी संभव है जब व्यावसायिक स्कूल की भी छुट्टियां हों और वह बंद हो I

कुछ ऐसे पेशे भी हैं जिनका प्रशिक्षण आप कम समय में पूरा कर सकते हैं, जैसे कि बच्चों की देखभाल, वृद्धजनों की देखभाल, खानपान सेवा, या प्रसाधन सामग्री के क्षेत्र में। ये आमतौर पर स्कूली व्यावसायिक प्रशिक्षण होते हैं। स्कूली व्यावसायिक प्रशिक्षण की अवधि 1 से 3.5 साल तक होती है। अधिक जानकारी अपने शहर में स्थित रोजगार एजेंसी से प्राप्त करें।

वेतन

यदि आप जर्मनी में एक संयुक्त प्रशिक्षण (व्यावसायिक और अकादमिक) करते हैं, तो आपको कुछ वेतन मिलता है। नियोक्ता आपको वेतन देता है। वेतन आपके पेशे और उस क्षेत्र, जहाँ आप काम करते हैं उसके हिसाब से अलग-अलग होता है I आमतौर पर प्रशिक्षण के हर वर्ष बाद वेतन बढ़ता है। हालांकि, यह वेतन अक्सर सभी खर्चों जैसे कि किराया, खाना, शौक आदि के लिए पर्याप्त नहीं होता। ऐसी स्थिति में वित्तीय सहायता उपलब्ध है, जैसे कि संघीय प्रशिक्षण निधि BAföG या व्यावसायिक शिक्षा भत्ता (BAB)। इसके लिए आप अपने शहर में रोजगार एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। स्कूली व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए आपको कोई वेतन नहीं मिलता। बल्कि, कभी-कभी आपको स्कूल की फीस भी चुकानी पड़ती है।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

हमें फॉलो करें