काम का समय आपके पेशे और आपके कार्य अनुबंध पर निर्भर करता है (पाठ: "
कार्य आरंभ") देखें । उदाहरण के लिए, यदि आप अस्पताल में एक नर्स हैं, तो आपको शिफ्ट में काम करना पड़ता है: आप कभी सुबह, कभी शाम या कभी रात में काम करते हैं।
दफ्तर में आपके काम का समय अक्सर नियमित होता है I आप सुबह काम शुरू करते हैं और 8 या 9 घंटे के बाद काम खत्म करते हैं। दफ्तर में काम का समय अक्सर लचीला होता है, जिसका मतलब है कि आप अपने काम के समय को अपनी सुविधानुसार नियमित कर सकते हैं I उदाहरण के लिए, आप सुबह 8 बजे या 9 बजे शुरू कर सकते हैं और शाम को जल्दी या देर से जा सकते हैं। हर कार्यस्थल पर आपको कम से कम एक ब्रेक मिलता है, जो अक्सर 30 या 60 मिनट का लंच ब्रेक होता है।
अधिकतर नियोक्ता अब घर से काम (होम-ऑफिस) करने की भी सुविधा प्रदान करते हैं। सामान्यतः लोग सप्ताह में 38-40 घंटे काम करते हैं। आंशिक समय काम करने का विकल्प भी होता है, जैसे 50% I यानी लगभग 20 घंटे प्रति सप्ताह। यह विकल्प उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जिनके बच्चे हैं या जो किसी अन्य काम में भी लगे हुए हैं।
जर्मनी में न्यूनतम वेतन का प्रावधान है: नियोक्ता किसी कर्मचारी को प्रति घंटे 12.41 यूरो (2024 के अनुसार) से कम नहीं दे सकते।
हर कर्मचारी को प्रति वर्ष निश्चित संख्या में अवकाश दिवस मिलते हैं। आपको अवकाश के लिए आवेदन करना होता है और आपके वरिष्ठ अधिकारी की अनुमति आवश्यक होती है। आप इन अवकाश दिवसों को पूरे वर्ष में बाँट सकते हैं। अधिकतर आप अपनी पसंद के समय अवकाश ले सकते हैं। लेकिन कभी-कभी, जब कंपनी में बहुत काम होता है, तो आप अवकाश नहीं ले सकते। कुछ मामलों में, आपको अवकाश लेना पड़ता है क्योंकि पूरी कंपनी अवकाश पर होती है। अवकाश के दौरान भी आपको आपका वेतन मिलता रहता है।
यदि आप बीमार हैं, तो आपको तुरंत अपने नियोक्ता को बीमार होने की सूचना देनी होती है। इसे बीमारी की सूचना कहते हैं I आमतौर पर, नियोक्ता को 3 दिनों से ज्यादा की अनुपस्थिति(चौथे दिन) होने पर ही आपको अपने नियोक्ता को डॉक्टर का प्रमाण पत्र देना होता है I पाठ :“स्वास्थ्य” देखें I कभी-कभी नियोक्ता इसे पहले भी मांग सकते हैं। बीमार होने की सूचना आप डॉक्टर के क्लिनिक में जाकर या फोन पर दे सकते हैं। आपके डॉक्टर आपके बीमार होने की सूचना डिजिटल रूप से स्वास्थ्य बीमा कंपनी को भेज देती है। आपका नियोक्ता इसे ऑनलाइन देख सकता है। यह सुविधा उन लोगों के लिए है जो वैधानिक स्वास्थ्य बीमा के तहत आते हैं। यदि आप निजी स्वास्थ्य बीमा की श्रेणी में आते हैं, तो आपको प्रमाणपत्र कागज़ के रूप में चाहिए होता है, जिसे आपको स्वयं जमा करना पड़ता है।